सोमवार, 26 जनवरी 2009

लालकिला और केवट -बस्ती

टूटी खटिया,फूटी हाँडी/एक अदद फटी कथरी /जिस पर हर हफ्ते ही /पैबंद लगाया जाता है ।/ पेट फुलाए, दुबले -पतले /गंदे -अधनंगे बच्चे /जिनको इस एक कथरी पर /इक साथ सुलाया जाता है । /दिन भर में बस एक जून ही /घर में खाना पकता है /दिन भर में बस एक बार /ये चूल्हा जलाया जाता है। /देश चलाने वालों एक दिन /केवट -बस्ती में आकर देखो /घोर अभावों में भी जीवन /कैसे बिताया जाता है। / राजपथ पर परेड भी होगी /झाँकी होगी ,बाजे भी /इन्हें नहीं मालूम /गणतंत्र दिवस कैसे मनाया जाता है। लालकिले से केवट -बस्ती की /दूरी को जल्दी पाटो/बापू का इक मन्त्र आज/फिर -फिर यह दोहराता है ।

शुक्रवार, 23 जनवरी 2009

योग्यतम की उत्तरजीविता

ज़िन्दा रहने के लिए /मनुष्य के शरीर को /चाहिए ऊर्जा /ऊर्जा के लिए भोजन / और भोजन के लिए ईंधन/ईंधन के लिए है लकड़ी की ज़रूरत /और इसीलिये /हरे पेड़ों का कटना जारी है /यही है योग्यतम की उत्तरजीविता /कि किसी एक के ज़िन्दा रहने के लिए /किसी दूसरे का मरना ज़रूरी है .

गुरुवार, 22 जनवरी 2009

बड़ी होती हुयी लड़की

अपने ही घर में वह डरती है /और अंधेरे में नहीं जाती /हर पल उसकी आँखों में /रहता है खौफ का साया /जाने किस खतरे को सोचकर /अपने में सिमटी रहती है /रास्ते में चलते -चलते /पीछे मुड़कर देखती है /बार -बार /और किसी को आता देख /थोड़ा किनारे होकर /दुपट्टे को सीने पर /ठीक से फैला लेती है /गौर से देखो /पहचानते हो इसे /ये मेरे ,तुम्हारे /हर किसी के /घर या पड़ोस में रहती है /ये हर घर -परिवार में /बड़ी होती हुयी लड़की है /... ... आओ हम इसमें /आत्मविश्वास जगा दें /अपने हक के लिए /लड़ना सिखा दें /हम चाहे चलें हों /झुक -झुककर सिमटकर /पर अपनी बेटियों को /तनकर चलना सिखा दें .

भूखा कवि

सच ही कहा है किसी कवि ने /कि भूखे को चाँद /रोटी का टुकड़ा नज़र आता है /और तारे दिखते हैं /चाँदी के सिक्कों जैसे /पर भूखे के लिए /चाँद में रोटी की कल्पना करने वाला /भूखा कवि /ख़ुद चाँद में /अपनी प्रेमिका की छवि /देखकर रोता है /इसीलिए कवि , कवि है /और वह दुनिया से /जुदा होता है .

Blogvani.com - Indian Blog Aggregator

Blogvani.com - Indian Blog Aggregator

सोमवार, 19 जनवरी 2009

मुक्ति

आदर्श नारी की परिभाषा गढ़ते /समाज के ठेकेदारों से ,/बेटों को महिमामंडित करते /व्रतों और त्योहारों से ,/ प्रतिभा को कुंठित करने वाले/ बंद समाजों से, /दहेज़ ,भ्रूण -हत्या जैसे /सड़े-गले रीति -रिवाजों से, /नारी को नारीत्व प्रदान करते /"ब्यूटी-प्रोडक्ट्स" से, / बेटियों को घर में बंद करने वाले /"कोड ऑफ़ कंडक्ट"से, /बिंदिया से ,काजल से ,/पायल से ,करधन से ,/चूड़ी की खन-खन से, /बाजूबंद और कंगन से, /झूठी सज-धज से ,/बनावटी बनठन से, /मुझे चाहिए मुक्ति /अनुशासन से नहीं /बंधन से .

रविवार, 18 जनवरी 2009

वीभत्स

एक लड़की ही जान सकती है
कैसा होता है अनपेक्षित नज़रों को झेलना
चुभ उठी हों ज्यों
शरीर में हजारों सूइयाँ,
कैसा होता है अनचाहा स्पर्श
रेंग रहे हों जैसे लाखों बिच्छू
भूरे ,काले ,ज़हरीले...

घिन से भर उठता है मन
जब कभी भीड़ में
छू जाती हैं शरीर को, अनजाने पुरूष की उँगलियाँ,
गिजगिजाती बजबजाती छिपकली की तरह,
तब अपने ही शरीर का वह हिस्सा
लगने लगता है पराया
मन होता है काटकर फेंक दूँ
अजनबी पुरुष की छाया

सभी लड़कियाँ जिंदगी भर
सहती हैं ये घृणित पीड़ा
बसों में ,रेल में ,
भीड़ में ,अकेले में,
बाहर और घर में
अब मुझसे नहीं सहा जाता...

लेकिन शब्दों की सीमा होती है
इस घृणित अनुभव को
इससे वीभत्स शब्दों में
कहूँ तो कैसे ?